31 बीएचआर 19 - आईएसएस में चयनित बहराइच निवासी आंचल।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। शहर के मोहल्ला बड़ीहाट निवासी व्यवसायी की पुत्री ने यूपीएससी द्वारा आयोजित परीक्षा में वर्ष 2020 में प्रतिभाग किया था जिसमें पहले प्रयास में ही उसे सफलता मिली। 20 जुलाई को दिल्ली में आयोजित इंटरव्यू में आंचल ने देश में आठवां स्थान हासिल किया है।
कोतवाली नगर के मोहल्ला बड़ीहाट निवासी अविनाश जैन कागज व कार्ड के प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं। उनकी पुत्री आंचल जैन ने यूपीएससी द्वारा आयोजित भारतीय सांख्यिकी सेवा (आईएसएस) की परीक्षा में प्रतिभाग किया था। आंचल ने बताया कि वर्ष 2020 के अक्तूबर माह में आयोजित परीक्षा में उन्होंने एग्जाम दिया जिसमें सफल हुईं। इसके बाद दिल्ली के लोकसेवा आयोग हाल में 20 जुलाई को इंटरव्यू हुआ। 30 जुलाई को आयोग द्वारा परीक्षा परिणाम जारी किया। आयोग द्वारा जारी परिणाम में आंचल ने देश में आठवां स्थान हासिल किया है। आंचल ने सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ गुरुजनों को दिया है। आंचल ने हाईस्कूल कंपू किड्स पब्लिक के बाद इंटरमीडिएट सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट इंटर कॉलेज से किया। इसके बाद लखनऊ के नेशनल पीजी कॉलेज से 83.5 प्रतिशत अंकों के साथ बीएससी किया। जैव सांख्यिकी में 83 प्रतिशत अंक हासिल कर पोस्ट ग्रेजुएट किया।