बहराइच। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के दसवीं व बारहवीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया गया। दसवीं व बारहवीं में बेटियों का दबदबा रहा। सर्वर खराब होने के कारण परिणाम देखने के लिए लोग काफी परेशान दिखे। अधिकतर लोगों ने परीक्षा परिणाम को अपने मोबाइल में ही देखा। परिणाम देखते ही छात्र-छात्राओं का चेहरा खुशी से खिल उठा। परिजनों ने मिठाईयां बांटकर खुशी का इजहार किया। देर रात तक रिजल्ट देखने का सिलसिला चलता रहा। विभिन्न जगहों से मिली सूचना तक बेटियों का दबदबा कायम रहा।
बोर्ड की ओर से शनिवार दोपहर साढ़े तीन बजे परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ। सर्वर खराब होने के कारण चार बजे के बाद ही लोग रिजल्ट देख पाना शुरू कर पाए। छात्र-छात्राएं अपना रिजल्ट देखने के लिए काफी उत्सुक दिखे। परीक्षा का परिणाम देखने के बाद छात्र-छात्राएं खुशी से उछल पड़े। हाईस्कूल में शहर के महात्मा बुद्व विद्यापीठ इंटर कॉलेज कैलाशनगर की छात्रा सृष्टि पटेल ने 93.5 प्रतिशत अंक पाकर जिले में पहला स्थान हासिल किया। बाल शिक्षा निकेतन की छात्रा नेहा यादव ने 92.67 प्रतिशत पाकर दूसरा व अमृता अवस्थी ने 92.5 प्रतिशत अंक पाकर तीसरा स्थान हासिल की है।
इंटर में बाल शिक्षा निकेतन की छात्रा खुशबू पांडेय ने 86 प्रतिशत पाकर जिले में पहला स्थान हासिल किया है। महात्मा बुद्व विद्यापीठ इंटर कॉलेज की छात्रा जागृति त्रिपाठी ने 85 प्रतिशत पाकर जिले में दूसरा व महात्मा बुद्व विद्यापीठ इंटर कॉलेज की छात्रा प्रिया मौर्या ने 84.6 प्रतिशत अंक पाकर तीसरा स्थान हासिल किया है। सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज का छात्र दिनकर पांडेय ने 83.60 प्रतिशत अंक पाकर भी जिले में अपना नाम रोशन किया है। इसी प्रकार जिले के अन्य कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन कर अपना व स्कूल का नाम रोशन किया है। सभी स्कूल के प्रबंधक व प्रधानाचार्य ने होनहार छात्र-छात्राओं को उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
जिले में नौ राजकीय, 21 अशासकीय व 63 वित्तविहीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र के लिए शामिल किया गया था। कोरोना काल के कारण परीक्षा नहीं हो सकी। जिसके चलते परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिए गए थे।
यूपी बोर्ड परीक्षा का परिणाम जानने के लिए छात्र-छात्राएं व उनके परिजन बेताब रहे। लगातार बेवसाइट पर भार पड़ने के कारण दो घंटे तक सर्वर ठप रहा। डीआर्ओएस कार्यालय में सूची तैयार कर रहे कर्मचारियों को भी इस समस्या से जूझना पड़ा।