बहराइच। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में फर्जीवाड़ा सामने आया है। जिले के 6814 अपात्र किसान भी सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे थे। अब प्रशासन द्वारा इनके खाते से सम्मान निधि का धन लिया जाएगा। इसके लिए सभी किसानों की सूची बनकर तैयार हो गई है। संबंधित बैंक खाते से पैसा लिया जाएगा जो लोग पैसा निकाल चुके हैं, उन लाभार्थियों से रुपये लिए जाएंगे।
किसानों की आय बढ़ाने और अन्य कृषि मदद में सहयोग के लिए केंद्र सरकार की ओर से किसान सम्मान निधि योजना के तहत दो-दो हजार रुपये लाभ दिया जा रहा है। जिले के 70 हजार से अधिक किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्रत्येक तीन माह पर भेजा जा रहा है, लेकिन इस योजना में भी सेंधमारी कर दी गई है। कई आयकार दाता, मृतक और अपात्र किसानों के नाम पर योजना का लाभ लिया जा रहा था। इसका खुलासा उप कृषि निदेशक की जांच में हुआ है। उप कृषि निदेशक टीपी शाही ने बताया कि जिले के 6814 ऐसे किसान हैं, जिनसे वसूली की जाएगी।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि यह किसान आयकरदाता होने के साथ दूसरे के खाते और आधार से रुपये ले रहे हैं। जबकि 100 से अधिक किसानों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद इनके खाते में रुपये भेजे जा रहे हैं। उपकृषि निदेशक ने बताया कि ऐसे किसानों से सम्मान निधि योजना की वसूली संबंधित बैंक द्वारा की जाएगी। सभी पैसा सरकार के वापस खाते में भेजा जाएगा। योजना में छह हजार से अधिक फर्जीवाड़ा होने से अधिकारियों में हड़कंप है। अब ऐसे सभी किसानों से वसूली की जाएगी। सभी किसानों की सूची बनकर तैयार हो गई है। संवाद
उप कृषि निदेशक ने बताया कि ऐसे किसान पीएम सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे थे जो आयकर दाता हैं। इसके अलावा कई किसान मृत हैं, इसके बावजूद उनके खाते में योजना की धनराशि भेजी जा रही है जबकि कई किसान दूसरा आधार और दूसरे बैंक खाते से योजना का लाभ रहे हैं।
काफी संख्या में जिले के किसानों के खाते में पीएम सम्मान निधि योजना की धनराशि जा रही थी जिसे अब सरकार के निर्देश पर वापस लिया जाएगा। जिन किसानों ने रुपया खाते से निकाल लिया है उनको नोटिस भेजकर संबंधित खाते में रुपये जमा करने के लिए कहा जाएगा।
- टीपी शाही, उप कृषि निदेशक