बहराइच। कोरोना संक्रमण के बीच 27 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान के दिन मतदाताओं समेत सभी कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये वोटिंग से पूर्व सभी मतदान केंद्रों को सैनिटाइज करवाया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी ग्राम प्रधानों को दी गई है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बीच संपन्न हुए पंचायत चुनाव के बाद संक्रमण का फैलाव तेजी से बढ़ा था। इसे देखते हुए इस बार 27 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार मतदान के दिन कोरोना के खतरे को कम करने के लिए प्रत्येक बूथ पर कोविड हेल्प डेस्क बनाई जाएगी, जहां आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तैनाती होगी। वहीं सभी मतदाताओं को थर्मल स्कैनिंग के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जाएगा। कोरोना के खतरे को कम करने के लिए मतदान से पूर्व सभी मतदान केंद्रों का सैनिटाइजेशन करवाया जाएगा। गौरतलब है कि अधिकांश मतदान केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में हैं इसलिए मतदान केंद्रों के सैनिटाइजेशन की जिम्मेदारी सभी 1045 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सौंपी गई है। सैनिटाइजेशन को लेकर सभी ग्राम प्रधानों को निर्देश दे दिया गया है। 22 फरवरी से मतदान केंद्रों के सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू हो जाएगा।
कोरोना के खतरे को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों का सेनेटाइजेशन करवाया जाएगा। मतदान केंद्रों के सेनेटाइजेशन की जिम्मेदारी ग्राम प्रधानों को दी गयी है।
रामशंकर वर्मा, एडीपीआरओ