गायघाट (बहराइच)। मुर्तिहा पुलिस ने ऑटो लिफ्टर गैंग का भंडाफोड़ किया है। बाइक चोरी करके जंगल में छुपाने कर बेचने वाले दो लोगों को पुलिस ने दबोचा है। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की छह बाइक को जंगल से बरामद किया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
एसपी केशव चौधरी ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए है। एसपी के निर्देश पर मुर्तिहा कोतवाल गणनाथ प्रसाद ने मुखबिर का जाल बिछाया। कोतवाल को मुखबिर से सूचना मिली कि युवक चोरी की बाइक को बेचने जा रहा है। सूचना पर कोतवाल दलबल के साथ परिसनपुरवा के पास पहुंचे। तभी एक बाइक सवार आता हुआ दिखाई पड़ा। कोतवाल ने रोका तो वह भागने लगा। इस पर टीम ने घेराबंदी करते हुए दबोच लिया। पुलिस की हिरासत में आते ही युवक टूट गया और चोरी की बाइक बेचने की बात को स्वीकार किया।
कोतवाल ने बताया कि पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी की पहचान मधवापुर निवासी भागीरथी के रूप में हुई। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर मोतीपुर थाना क्षेत्र के राजापुर कतर्निया निवासी विजय कुमार को दबोचा गया। पूछताछ में बताया कि यह लोग बाइक चोरी करके बभनियाफाटक जंगल में छुपाते है और उसको बेचते है। वहां से पांच अन्य चोरी की बाइक बरामद हुई। पकड़े गए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।