अस्पताल में दीवार उठाए जाने का विरोध करते चिकित्साकर्मी।
बहराइच। जिला अस्पताल परिसर स्थित टीबी अस्पताल के मुख्य द्वार को बंद करने के प्रयास पर चिकित्सकों और कर्मचारियों ने कड़ा विरोध जताया है। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से दीवार निर्माण करने पहुंचे राजगीरों और श्रमिकों को डॉक्टरों ने काम करने से रोक दिया।
चिकित्सकों का कहना है कि मुख्य द्वार बंद होने से मरीजों और स्टाफ को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने इस संबंध में सीएमओ से वार्ता कर द्वार को पूर्ववत खुला रखने की मांग की है।
टीबी क्लीनिक के प्रभारी डॉ. पीके वर्मा ने बताया कि करीब 50 वर्ष पहले टीबी अस्पताल का निर्माण मुख्य जिला अस्पताल से अलग किया गया था, ताकि संक्रामक रोग से पीड़ित मरीज अलग मार्ग से आकर इलाज करा सकें और अन्य मरीजों को संक्रमण का खतरा न हो। अब मुख्य मार्ग पर दीवार खड़ी कर प्रवेश बंद करने से व्यवस्था प्रभावित होगी।
मंगलवार सुबह जैसे ही निर्माण कार्य शुरू करने श्रमिक पहुंचे, चिकित्सकों के विरोध के चलते उन्हें बिना काम किए ही लौटना पड़ा। डॉक्टरों ने स्पष्ट कहा कि मरीजों की सुविधा को देखते हुए द्वार खुला रहना जरूरी है।
उच्चाधिकारियों को कराया जाएगा अवगत
सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने बताया कि चिकित्सकों और कर्मचारियों की मांग से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।