बहराइच। मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल के बाद अब बच्चों में डायरिया बेकाबू हो रहा है। मेडिकल कॉलेज के चिल्ड्रेन वार्ड में 39 बच्चे भर्ती कराए गए हैं। इसमें 30 बच्चे डायरिया से पीड़ित हैं। डॉक्टर इलाज के साथ बचाव का भी सुझाव दे रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ का कहना है कि परिजन इस मौसम में आठ वर्ष तक के बालक-बालिकाओं की सेहत का विशेष ख्याल रखें। खानपान पर ध्यान दें और किसी तरह की दिक्कत हो तो तत्काल डॉक्टर के पास ले जाएं।
अभी बारिश का मौसम। इस दौरान उमसभरी गर्मी बच्चों की सेहत खराब कर रही है। जिससे बड़ी संख्या में बच्चे डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। निजी अस्पताल में तो काफी संख्या में बच्चे भर्ती हो रही रहे हैं। वहीं, मेडिकल कॉलेज का चिल्ड्रेन वार्ड भी बीमार बच्चों से भरा गया है। शुक्रवार को दोपहर तक डायरिया से पीड़ित 12 बच्चों भर्ती किए गए। जबकि पहले से इस वार्ड में 27 बच्चे भर्ती थे। यदि और बच्चे आए तो बेड कम पड़ जाएंगे।
मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके त्रिपाठी का कहना है कि डायरिया, तेज बुखार, झटके आना, पेट दर्द आदि लक्षण वाले बच्चे अस्पताल पहुंच रहे हैं। इलाज करने के साथ परिजनों को बचाव की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को ताजा खाना खिलाएं। बारिश में भीगने से बचाएं।