बहराइच। लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए अब किशोरों को भी वैक्सीन लगाई जाएगी। किशोरों के टीकाकरण के लिए आज से महाअभियान का शुभारंभ किया जाएगा। जिले के 2.45 लाख किशोरों को टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। अस्पताल प्रशासन ने टीकाकरण को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 से 18 साल के किशोरों को वैक्सीन लगाई जाएगी। टीकाकरण अभियान का शुभारंभ 65 सेंटरों से होगा। टीकाकरण के लिए किशोरों की संख्या बढ़ने पर सेंटरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी।
कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव के लिए सोमवार से 15 से 18 वर्ष के किशोरों को वैक्सीन लगाई जाएगी। पहले चरण में जिले के दो लाख 45 हजार किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। किशोरों के टीकाकरण के लिए जिले की सभी 14 सीएचसी व 49 पीएचसी पर अलग काउंटर बनाया गया है। इसके साथ ही शहर स्थित ट्रॉमा सेंटर व मेडिकल कॉलेज में भी किशोरों के टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। टीकाकरण के जिला नोडल डॉ. अजीत चंद्रा ने बताया कि सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी टीकाकरण स्थलों पर किशोरों के लिए अतिरिक्त डेस्क बनाई गई है। जहां हमारे फ्रंटलाइन वर्कर उन्हें टीका लगाएंगे। टीकाकरण में 195 स्वास्थ्य कर्मी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि किशोरों को सिर्फ कोवाक्सिन लगाई जाएगी। इसके लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
टीके की 56 हजार डोज उपलब्ध
डॉ. जयंत ने बताया कि जिले में कोविड टीके की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में टीके की 56 हजार डोज भंडार गृह में मौजूद है। सभी किशोरों से अपील है कि वो मास्क लगाकर कोविड टीकाकरण सेंटर पहुंचें और अपनी बारी आने पर टीकाकरण करवाएं। उन्होंने बताया कि अगर किसी सेंटर पर भीड़ बढ़ती है, तो तत्काल अतिरिक्त डेस्क लगाकर टीकाकरण करवाया जाएगा।
10 बजे से शुरू होगा टीकाकरण
किशोरों के टीकाकरण के लिए बनाए गए 65 सेंटरों पर सोमवार को सुबह 10 बजे से टीकाकरण शुरू हो जाएगा। सभी स्वास्थ्यकर्मी सुबह नौ बजे तक टीकाकरण स्थल पहुंचेंगे। नौ बजे ही वैक्सीन सभी सेंटरों पर पहुंच जाएगी। टीकाकरण शाम चार बजे तक चलेगा। -डॉ. जयंत कुमार, एसीएमओ बहराइच
शत-प्रतिशत लोग लगवाएं टीका
ओमिक्रॉन का संक्रमण बढ़ने की संभावना है, लेकिन इससे भयभीत होने की जरूरत नहीं है। दूसरी लहर की अपेक्षा वर्तमान में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है। बचाव के लिए 10 ऑक्सीजन प्लांट के साथ सभी जरूरी तैयारियां हैं। संक्रमण से बचाव का सबसे बेहतर साधन कोविड टीकाकरण, मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग है। ऐसे में सभी जिलेवासी कोरोना की दोनों डोज लगवा लें। -डॉ. दिनेश चन्द्र, जिलाधिकारी बहराइच
बाजारों में न लगाएं भीड़
कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर ने दस्तक दे दी है। ऐसे में लोगों को बाजारों में भीड़ लगाने से बचना चाहिए। साथ ही बिना मास्क पहने बाजार में बिल्कुल न आएं। सभी लोग टीकाकरण करवाकर अगर ऐहतियात बरतेंगे तो तीसरी लहर हो आसानी से हरा दिया जाएगा। -रितेश गुप्ता, व्यापारी
सावधानी ही बचाव है
कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए सतर्कता बरतने के साथ मास्क लगाना भी बेहद जरूरी है। भीड़भाड़ वाले स्थान पर जाने से बचें और संक्रमण के प्रति अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें और कोविड का टीका अवश्य लगवाएं। -डॉ. गयास अहमद, बाल रोग विशेषज्ञ