बाबागंज में नोटिस मिलने के बाद लोगों द्वार खुद से तोड़े गए अपने मकान।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। बाराबंकी से रुपईडीहा तक बने नेशनल हाईवे के अधिकार क्षेत्र के अंदर बने करीब 15 सौ दुकान और मकान ध्वस्त होंगे। इस बाबत एनएचआई ने पांच सौ लोगों को नोटिस जारी कर अपने-अपने प्रतिष्ठानों और मकानों को गिराने का नोटिस जारी किया है। नोटिस मिलते ही बाबागंज के लोगों ने स्वयं ही अतिक्रमण वाले भूभाग पर बने निर्माणों को गिराना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर फोर लोन का प्रस्ताव पास हो गया है। संभव है कि इसी के विस्तार को लेकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई है।
जिन स्थानों पर नोटिस जारी हो रहा है वह मसौली, रामनगर, जरवल रोड, जरवल कस्बा, कैसरगंज, गजाधरपुर, फखरपुर, बाबागंज, बेगमपुर आदि हैं। बाबागंज और बेगमपुर में नोटिस पहले जारी हुआ है इसलिए यहां पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पहले शुरू हो गई है। एनएचआई के अभियंता विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि आरओडल्यू (राइट ऑफ वे) 30 मीटर का है। जिनका भी निर्माण 30 मीटर को अतिक्रमित करता है उनका निर्माण गिरना है। करीब पांच सौ लोगों को चिह्नित कर नोटिस जारी कर दिया गया है। करीब एक हजार ऐसे ही और अवैध निर्माण हैं, जिनको गिरना है।
गौरतलब हो कि बाराबंकी से रुपईडीहा तक फोर लेन बनाने का प्रस्ताव पास हो चुका है। लेकिन कब से निर्माण होना है, इसको लेकर अभी तक कोई दिशा निर्देश नहीं है। यह जरूर बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उसी के क्रम में की जा रही है। बाबागंज में दो दर्जन से अधिक निर्माण लोगों ने स्वयं से ढहा लिए हैं। कुछ लोगों ने अतिक्रमण वाले हिस्से को गिराया है तो कुछ लोगों का पूरा प्रतिष्ठान अतिक्रमण की जद में होने के कारण गिर रहा है।