बड़ौत। शराब के लिए रुपये नहीं देने पर पांच युवकों ने बडक़ा गांव के युवक को तमंचे की बट से हमला करके घायल कर दिया। आरोप है हमलावर 25 हजार रुपये छीनकर भाग गए। घायल को राहगीरों ने सीएचसी में भर्ती कराया। इस संबंध मेें घायल ने पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी है।
घायल युवक आशु पुत्र जमील बड़का गांव निवासी है। वह सोमवार देर शाम बड़ौत किसी काम से आया था। वह काम पूरा करके गांव लौट रहा था। बड़का-हिलवाड़ी मार्ग पर शराब पी रहे युवकों ने उसे रोक लिया। उससे शराब के लिए रुपये मांगे, लेकिन आशु ने मना कर दिया। इस पर उन्होंने आशु से मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर हमलावरों ने तमंचे की बट मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि आरोपी उससे 25 हजार रुपये छीनकर भाग निकले। राहगीरों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, जानकारी पाकर परिजन भी सीएचसी पर पहुंचे। इसके बाद परिजन घायल को लेकर कोतवाली पहुंचे और पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं, सीओ युवराज सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।