छह नवंबर से होगी पेराई, सात से शुरू होगी मलकपुर चीनी मिल
गन्ने में कम रिकवरी के कारण हो रही सत्र में देरी, दो से जारी होंगे इंडेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में एक नवंबर को पूजन के बाद छह नवंबर से बागपत और रमाला शुगर मिल में पेराई सत्र शुरू हो जाएगा। मलकपुर मिल में सात नवंबर से पेराई सत्र शुरू होगा। मिल अधिकारियों का कहना है कि गन्ने में रिकवरी कम होने से सत्र शुरू करने में देरी हो रही है। गन्ने की रिकवरी आठ प्रतिशत से कम आ रही है। जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती ने बताया कि जिले में बागपत व रमाला शुगर मिल में पेराई सत्र शुरू करने के लिए लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले की बागपत व रमाला मिल छह नवंबर और मलकपुर मिल में सात नंवबर से पेराई शुरू कर देंगी।
दो नवंबर से जारी किए जाएंगे इंडेंट
जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती ने बताया कि दो नवंबर से किसानों का इंडेंट जारी कर पक्की पर्ची जारी की जाएगी। इस बारे में सभी कर्मचारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
गन्ने की रिकवरी आ रही 7.78 प्रतिशत
जिला गन्ना अधिकारी अनिल भारती का कहना है कि जिले में गन्ने की रिकवरी 7.78 प्रतिशत आ रही है। मिल चलाने के लिए कम से कम आठ प्रतिशत रिकवरी अनिवार्य है। इससे कम रिकवरी पर मिल को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
जिले में 311 सेंटरों पर होगी तौल
जिले के एक लाख 24 हजार 132 किसान बागपत के अतिरिक्त मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, हापुड़, गाजियाबाद की 12 मिलों पर गन्ने की सप्लाई करते हैं। जिले में सभी मिलों के 311 सेंटरों पर गन्ने की तौल की जाएगी। जिले में 280 सेंटर लगाए जा चुके हैं। मिलों का संचालन से पूर्व सभी सेंटर शुरू करा दिए जाएंगे।