बागपत। शहर के मोहल्ला मुगलपुरा में खड़ंजे की मरम्मत करने आये मजदूरों को स्थानीय लोगों ने भगा दिया। उन्होंने खड़ंजे का निर्माण कराने की मांग की। साथ ही खड़ंजे का निर्माण नहीं होने पर धरना देने की चेतावनी दी।
टेलीफोन एक्सचेंज के बराबर वाली गली में रहने वाले लोगों ने बताया कि उनकी गली में पिछले दस साल से खड़ंजे का निर्माण कराया था, जो अब पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है। उन्होंने बताया कि सोमवार को नगर पालिका से मजदूर गली में आए और खड़ंजा उखाड़कर उसकी मरम्मत करने लगे। उन्होंंने खड़ंजा निर्माण की जगह मरम्मत करने पर नाराजगी जताई और मजदूरों को भगा दिया। जिसके बाद दिनभर काम बंद करा दिया। हालांकि शाम को फिर काम करने पहुंचे मजदूरों को स्थानीय लोगों ने काम नहीं करने दिया। इस मामले में अधिशासी अधिकारी राजेश राणा ने बताया कि बोर्ड बैठक में पास हुए प्रस्ताव पर काम कराया जा रहा है।