बड़ौत। पश्चिमी उप्र हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति के आह्वान पर शुक्रवार को रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार रहा। अधिवक्ताओं ने तहसील में जलूस भी निकाला और रजिस्ट्री कार्यालय पर तालाबंदी भी की। जल्द मांग पूरी न होने पर पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी।
रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनन्दपाल तोमर के नेतृत्व में काफी संख्या में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्रित हुए और जलूस निकाला। अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय पर तालाबंदी भी की। वक्ताओं ने कहा कि आए दिन अधिवक्ताओं पर हमला होना आम बात हो गई है। अब इसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से अधिवक्ताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने, हाईकोर्ट बेंच की स्थापना करने और बढ़ाई गई कोर्ट फीस को वापस लेने की भी मांग उठाई। इस अवसर पर धर्मवीर तोमर, सत्यपाल पंवार, रोहित तोमर, दिनेश तेामर, राममेहर, सत्यपाल सिंह मान, रामकुमार तोमर, ब्रह्मपाल, वीरेंद्र चौहान, अमित वशिष्ठ, दिनेश शर्मा, गौरव तोमर, सुशील, नीरज तोमर, प्रदीप, रविन्द्र शर्मा, कुलदीप उज्ज्वल शामिल रहे।