मायके वालों ने ससुराल वालों पर लगाया पीट कर हत्या करने का आरोप
पति, सास, ससुर व ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। ढिकाना गांव में बुधवार की रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों मेें मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल वालों पर महिला की पीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। साथ ही ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में प्रदर्शन किया। इस मामले में पुलिस ने महिला के पति, सास, ससुर व ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
मृतका स्वाति (27) जनपद शामली के झिंझाना कस्बे की रहने वाली थी। तकरीबन सात साल पहले उसकी शादी ढिकाना गांव निवासी अरुण से हुई थी। बुधवार की रात स्वाति की तबियत खराब हो गई। ससुराल वाले उसे एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ससुराल वालों ने इसकी सूचना स्वाति के परिजनों को दी। बृहस्पतिवार की सुबह स्वाति के मायके वाले ढिकाना गांव पहुंचे और ससुराल वालों पर स्वाति की पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। बाद में स्वाति के पिता सत्य ब्रह्म सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल ने बताया कि सत्य ब्रह्म सिंह की तहरीर पर स्वाति के पति अरुण उर्फ मोनी, देवर गोल्डी, ननद उमा के अलावा चाचा रोहताश और चाची सुशीला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी कार्रवाई की जाएगी।