अगस्त 2021 में विषाक्त पदार्थ निगलकर सीआरपीएफ के जवान ने कर ली थी आत्महत्या
पिता ने दर्ज कराया था दिल्ली निवासी महिला के खिलाफ मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सीआरपीएफ के जवान राहुल शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने दिल्ली निवासी महिला को गिरफ्तार किया। महिला पर राहुल को फेसबुक के माध्यम से अपने जाल में फंसा कर रुपये एेंठने का आरोप है। पूछताछ के बाद पुलिस ने महिला को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
खेड़की गांव के रहने वाली सीआरपीएफ के जवान राहुल शर्मा ने अगस्त 2021 में विषाक्त पदार्थ निगकर आत्महत्या कर ली थी। उसके पिता श्रीभगवान ने बागपत कोतवाली पर दिल्ली की जेजे कॉलोनी निवासी रेखा पर राहुल शर्मा को फेसबुक के माध्यम से अपने जाल में फंसाने और फिर रुपये ऐंठने का आरोप लगाया था। रुपये न देने पर मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था। इस मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने आरोपी रेखा को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर ओपी सिंह का कहना है कि जांच के बाद महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।