डेबिट कार्ड उनके पास होने के बावजूद निकाले गए ढाई हजार, मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कृषि विभाग में कार्यरत विषय वस्तु विशेषज्ञ के खाते से एटीएम कार्ड से ढाई हजार रुपये निकाल लिए गए। डेबिट कार्ड उनके पास होने के बावजूद रुपये निकाले जाने पर कृषि विभाग कर्मी ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। जांच कराने पर पता चला कि खाते से रुपये डुप्लीकेट डेबिट कार्ड बनाकर निकाले गए है। इस मामले में पुलिस अब रुपये निकालने वालों का पता लगाने में जुटी है।
अहैड़ा गांव निवासी रवि कुमार कृषि विभाग में विषय वस्तु विशेषज्ञ के पद पर कार्यरत है। रवि कुमार ने बताया कि उनका खाता एचडीएफसी बैंक में है। उनके पास 10 जून 21 को मेसेज आया कि उनके खाते से ढाई हजार रुपये निकले है। रुपये भी डेबिट कार्ड से निकाले गए, जबकि डेबिट कार्ड रवि कुमार के पास था। उसने बैंक अधिकारियों से बातचीत की। कोई समाधान नहीं निकलने पर रवि कुमार ने अब मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच में अभी तक डुप्लीकेट डेबिट कार्ड बनाकर रुपये निकालने की बात सामने आई है। एसएसआई कोतवाली मुनेशपाल सिंह ने बताया इस मामले में अभी जांच चल रही है।