जिला विद्यालय निरीक्षक को मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) ने प्रदेशीय आह्वान पर बुधवार को शिक्षकों और छात्रों की उपेक्षा करने के आरोप में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना दिया। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में शिक्षकों की समस्या का समाधान कराने की मांग की। मांग पूरी न होने पर सड़कों पर उतरकर बेमियादी हड़ताल करने की चेतावनी दी।
संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र सिंह ने कहा कि अपने संघर्ष के बल पर शिक्षकों ने जो उपलब्धियां अर्जित की हैं, सरकार उन पर तुगलकी आदेशों से कटौती कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजकीय शिक्षकों की भांति माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ नहीं देने पर सरकार को आगामी चुनाव में गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। जिलाध्यक्ष उमेश कुमार व जिला मंत्री सत्यवीर सिंह ने कहा कि अप्रैल 2005 से पूर्व तैनात शिक्षक पुरानी पेंशन के भागीदारी हैं। वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को सरकार मानदेय न देकर गुमराह कर रही है। शिक्षकों ने धरने पर प्रतिमाह वेतन भुगतान में लेटलतीफी और नई पेंशन के शिक्षकों की पासबुक न बनाए जाने पर भी आक्रोश जताया।
उन्होंने डीआईओएस को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम अप्रैल 2005 पूर्व नियुक्त हुए शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ देने, वित्तविहीन शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने, शिक्षकों के वेतन का समय पर भुगतान करने, नई पेंशन के शिक्षकों की पासबुक बनाने सहित 18 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। डीआईओएस रवींद्र सिंह ने शिक्षकों को 31 अगस्त तक लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। धरने में बल्लभ सिंह शर्मा, मीडिया प्रभारी अजय राज शर्मा, इंद्रपाल सिंह, दीपक शर्मा, रविदत्त शर्मा, राजेंद्र शर्मा, आदेश गुप्ता, कुलदीप, ब्रह्म प्रकाश, जितेंद्र भाटी, मनोज पवार, रामसेवक, अशोक कुमार, देशपाल सिंह, प्रदीप कुमार मौजूद रहे।