बागपत। विकास भवन के सभागार में बृहस्पतिवार को सीडीओ की विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीपीआरओ पहुंच गए तो ग्राम सचिव बहिष्कार करके बाहर निकल गए। ग्राम सचिवों ने डीपीआरओ के साथ बैठक में रहने से इंकार कर दिया और उन सभी ने बाहर जाकर हंगामा शुरू कर दिया। उधर, सीडीओ ने बैठक का बहिष्कार करने पर नाराजगी जताते हुए ग्राम सचिवों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश जारी कर दिए।
विकास भवन के सभागार में सीडीओ रणजीत सिंह बृहस्पतिवार को ग्राम सचिवों के साथ गांवों में कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे थे। इस बैठक में डीपीआरओ बनवारी सिंह भी पहुंच गए। उनको बैठक में देखकर ग्राम सचिव भड़क गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया गया। सचिवों ने कहा कि जब तक डीपीआरओ बैठक में रहेंगे, तब तक वे बैठक में शामिल नहीं होंगे। इसके बाद जिला समन्वय समिति अध्यक्ष प्रमोद शर्मा, प्रदीप शर्मा, नीतिन शर्मा, शान मोहम्मद, जोनी चौधरी, रवि कुमार, विकुल तोमर, विराज समेत अन्य सचिव बैठक का बहिष्कार करके बाहर निकल गए और नारेबाजी करने लगे। ग्राम सचिवों के इस तरह से बैठक का बहिष्कार करने पर सीडीओ रणजीत सिंह ने एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए।