बागपत। बिहारीपुर गांव के गन्ना क्रय केंद्र पर तौल लिपिक और गन्ना चौकीदार को पीटने, जेब से रुपये निकालने व तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में दो भाइयों और छह अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है।
रमाला चीनी मिली का बिहारीपुर गांव में गन्ना क्रय केंद्र है। इस क्रय केंद्र पर कुड़ी गांव का रहने वाला प्रवीण कुमार तौल लिपिक है और असारा का मोहम्मद आकिल गन्ना चौकीदार कार्यरत है। तौल लिपिक प्रवीण कुमार ने बताया कि सात मार्च को बिहारीपुर गांव के रहने वाले दो भाई क्रय केंद्र पर गन्ना लेकर आए और अपने पिता के नाम की पर्ची पर गन्ना तौल कराई। उसकी तौल गन्ना पर्ची उसी दिन दे दी गई थी। तौल लिपिक ने आरोप लगाया कि दोनों भाई शनिवार दोपहर को पांच-छह लोगों के साथ क्रय केंद्र पर पहुंचे और गांव के एक किसान की पर्ची पर बिना गन्ना तुलवाए ही तौल गन्ना पर्ची देने का दबाव बनाने लगे। इसका विरोध करने पर उनकी पिटाई की गई। मशीन भी तोड़ दी। तौल लिपिक का आरोप है कि उसकी जेब से 2800 रुपये भी निकाल लिए गए। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर तौल लिपिक व गन्ना चौकीदार एकत्र होकर कोतवाली पर पहुंचे और दोनों भाइयों समेत पांच-छह अज्ञात के खिलाफ शिकायत दी। सीओ अनुज मिश्रा ने बताया कि इस मामले में जांच कराई जा रही है।