चांदीनगर। अब्दुल्लापुर मेवला के ग्रामीणों ने गांव के तालाब की सफाई व खुदाई की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
ग्रामीणों का कहना है कि कई साल से तालाब की खुदाई और सफाई नहीं हुई है। जिससे गांव में निकासी की समस्या है। तालाब का गंदा पानी रास्तों पर भरा रहता है। इससे लोगों का रास्तों से निकलना दूभर हो गया है। बरसात होने पर तालाब का गंदा पानी घरों तक पहुंच जाता है। जलभराव से गांव में बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। कई बार तालाब की खुदाई और सफाई कराने की मांग की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। समाजसेवी मनीष कुमार ने बताया कि गांव में जलभराव के कारण संक्रामक रोगोें के फैलने की आशंका बढ़ रही है। ग्रामीणों ने शुक्रवार को तालाब की सफाई कराकर पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग को लेकर हंगामा-प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम से गांव के तालाब से अतिक्रमण हटाने व सफाई कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों में मनीष कुमार, अनिल कुमार, शैलेंद्र सिंह, रोहित कुमार, अनुज कुमार, अनीशा, विशाल, चंदू, गुल्लू व कपिल राणा मौजूद रहे।