बड़ौत (बागपत)। मोहल्ला खत्री गढ़ी में शनिवार को चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों ने एक युवक को चोरी की बाइक के साथ पकड़ लिया। आरोप है कि कोतवाली ले जाते वक्त युवक ने दो होमगार्डों के साथ हाथापाई कर भागने की कोशिश की। हाथापाई में एक होमगार्ड घायल हो गया। अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और युवक को कोतवाली ले आए। इसी दौरान 50 हजार रुपये लेकर आरोपी को छुड़वाने कोतवाली पहुंचे एक होटल मालिक को भी पुलिस ने हिरासत मेें ले लिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। होटल मालिक से पूछताछ की जा रही है।
शनिवार को बाजार पुलिस चौकी के पास चेकिंग चल रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार युवक को पुलिस ने रोक लिया और उससे वाहन के कागजात दिखाने को कहा। जांच में बाइक चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने फैंटम पर तैनात होमगार्ड सुबोध व प्रदीप को युवक को कोतवाली ले जाने को कहा। दोनों होमगार्ड युवक को बाइक पर बैठा कर चल दिए। आरोप है कि बड़ा जैन मंदिर के पास युवक ने दोनों होमगार्डों के साथ हाथापाई कर भागने की कोशिश। इसमें होमगार्ड सुबोध घायल हो गया। सूचना पर अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर कोतवाली लेकर आए। उधर, कुछ देर बाद पकड़े गए युवक को छुड़वाने के लिए 50 हजार रुपये लेकर कोतवाली पहुंचे जौनमाना गांव के एक होटल मालिक को भी पुलिस कर्मियों ने हिरासत में ले लिया।
इस संबंध में सीओ हरीश भदौरिया ने बताया कि आरोपी युवक परमवीर पुत्र विनोद भड़ल गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसे छुड़ाने पहुंचे होटल मालिक से पूछताछ की जा रही है।