संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिला अस्पताल में व्यवस्थाएं नहीं सुधर रही है। उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को घंटों तक चिकित्सकों का इंतजार करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। मंगलवार को चिकित्सक न मिलने पर मरीज और उनके तीमारदारों ने हंगामा किया। उन्होंने समस्या का समाधान कराने की मांग की।
जिला संयुक्त अस्पताल में चिकित्सक समय से नहीं पहुंच रहे है, जिससे लोगों पर समय पर उपचार नहीं मिल रहा है। अस्पताल में उपचार कराने के लिए आने वाले लोगों को चिकित्सक के लिए तीन-तीन घंटे इंतजार करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। मंगलवार को चिकित्सक न मिलने पर मरीजों ने जमकर हंगामा किया। अस्पताल में उपचार कराने के लिए आई फिरोजपुर की महिला रेखा का कहना था कि वह दस बजे से चिकित्सक के इंतजार में बैठी है, मगर अभी तक चिकित्सक नहीं आया है। जोनमाना के अजय कुमार का कहना था कि जिला अस्पताल में चिकित्सक समय नही बैठ रहे है, जिससे मरीजों को समय पर सही उपचार नहीं मिल पर रहा है। अस्पताल में उपचार कराने के लिए आए मरीजों और उनके तीरमदारों ने चिकित्सकों के समय से बैठने की मांग की। हंगामा करने वालों में जोनमाना के अजय कुमार, गढ़ी कांगरान के मोहम्मद नफीस, नीटू, सनी, मवींकला के अश्वनी कुमार, गौरीपुर के विजयपाल, फिरोजपुर की रेखा रही।
सीएमएस डॉ सुमन कुमार चौधरी का कहना है कि जिला अस्पताल में चिकित्सकों को समय से बैठकर उपचार करने के निर्देश दिए गए है। मंगलवार को उन्होंने भी ओपीडी में मरीजों की जांच की है। दिन में दो से तीन बार अस्पताल का निरीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार को चिकित्सकों ने दिन भर ओपीडी में मरीजों की जांच की है।