बालैनी। थाना क्षेत्र के मवीकलां गांव में शनिवार देर रात दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। रविवार को थाने पहुंचे दलित पक्ष के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया तथा दूसरे पक्ष के युवक पर शराब के नशे में घर में घुसकर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया।
थाने पहुंचे मवी कलां के ग्रामीणों का कहना था कि शनिवार को गांव में झगड़ा हो गया था। पुलिस ने उन्हीं के पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उनका आरोप था कि शनिवार रात में गांव का युवक नशे की हालत में उनके घर में घुस गया और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा था। परिवार के लोगों ने उसे घर से बाहर निकाला तो वह लोहे के तार पर गिर गया, जिससे उसके हाथ में चोट आ गई थी और पुलिस ने पीड़ित पक्ष के ही चार लोगों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया है। रविवार को ग्राम प्रधान संजय चौधरी के साथ थाने पहुंचे लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। कार्यवाहक थाना इंचार्ज सोमपाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। राजबीर, सोहनवीर, गुलाब, लोकेंद्र, ऋषि, बबली, उषा, राजेश, बबीता, लख्मी मौजूद रहे।