बागपत के धनौरा सिल्वरनगर गांव में बारिश से मकान गिरने से घायल छात्रा गरिमा कौशिक के पिता।
- फोटो : BARAUT
धनौरा सिल्वर नगर की गरिमा कौशिक ने गत वर्ष यूपी बोर्ड परीक्षा में पाया था प्रदेश में छठा स्थान
अन्य परिजनों ने भागकर बचाई जान, बारिश में कई अन्य गांवों में भी गिरे मकान
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। दो दिन से हो रही बरसात से बृहस्पतिवार को धनौरा गांव निवासी यूपी बोर्ड की मेधावी छात्रा गरिमा कौशिक का मकान भी गिर गया। मलबे में दबकर उसके पिता घायल हो गए, जबकि अन्य परिजनों ने भाग कर जान बचाई। इसके अलावा कई अन्य गांवों में भी मकान गिरने से लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा। पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की।
धनौरा सिल्वर नगर गांव निवासी गरिमा कौशिक ने वर्ष 2020 में यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त किया था। श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज की इस मेधावी छात्रा का मकान बृहस्पतिवार को बारिश के कारण गिर गया। मलबे के नीचे दबने से उसके पिता सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि परिवार के अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। मकान के मलबे के नीचे काफी सामान दब गया। इसके अलावा आदमपुर गांव में संगीता पत्नी पप्पन का मकान गिरने से मकान मेें रखा आटा, गेहूं, पशुओं का चारा व अन्य सामग्री खराब हो गए। शेरपुर लुहारा गांव में भी बरसात के कारण सौराज पुत्र मोहर सिंह का मकान गिर गया। पीड़ितों ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।