बनेगा योजना का गोल्डन कार्ड, पांच लाख रुपये तक मिलेगा मुफ्त इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। जिले के लगभग 58 हजार उज्ज्वला योजना के लाभार्थी परिवारों को अब आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी मिलेगा। शासन के निर्देश मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग इन परिवारों को योजना में शामिल करने व इनका कार्ड बनाने की कवायद में जुट गया है।
केंद्र सरकार द्वारा गरीबों को पांच लाख रुपये तक की निशुल्क इलाज की सुविधा मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री जन आरोग्य (आयुष्मान भारत), प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना शुरू की गई। इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से जिले के 7 हजार 683 अंत्योदय कार्ड धारकों को भी योजना में शामिल कर लिया गया।
उज्ज्वला योजना के जिले में हैं 58 हजार लाभार्थी
जिले में उज्ज्वला योजना के लगभग 58 हजार लाभार्थी हैं। शासन का आदेश मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इन परिवारों को योजना से आच्छादित करने की कवायद शुरू कर दी है। डिप्टी सीएमओ डॉ. विजय कुमार ने बताया कि शासनादेश के अनुसार जिला अस्पताल समेत जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व कामन सर्विस सेंटरों पर इन लाभार्थी परिवारों का योजना के तहत कार्ड बनाया जाएगा। सीएमओ डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि अब तक जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत कुल 59 हजार 820 परिवार चिह्नित किए गए हैं। जिनमें से अब तक 34 हजार 180 परिवारों के लगभग एक लाख 3422 लोगों के गोल्डन कार्ड बन चुके हैं।