बागपत। दिल्ली-यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर अलग-अलग जगह हुए सडक़ हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। नगर के राष्ट्र वंदना चौक पर दूध के टैंकर की टक्कर से कार चालक की मौत हो गई। वहीं, मवीकलां के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
नगर की माता कॉलोनी निवासी शमीम (42) पुत्र हकीमुद्दीन किराये पर कार चलाता था। वह रविवार देर रात मेरठ से बागपत आ रहा था। वह नगर के राष्ट्र वंदना चौक पर पहुंचा तो कार को दूध के टैंकर ने टक्कर मार दी। इससे कार चालक शमीम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार सवार नीतू व अरविंद घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शमीम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शमीम के चाचा डॉ. असगर अली ने टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
उधर, दूसरी ओर काठा निवासी सचिन (35) रविवार रात बाइक पर अपने साथी के साथ खेकड़ा की ओर से गांव लौट रहा था। वह मवीकलां के समीप पहुंचा तो उसे किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे सचिन की मौत हो गई तथा उसका साथी घायल हो गया। उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि सचिन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कोतवाली प्रभारी तपेश्वर सागर का कहना है कि मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।