बागपत के बड़ौत के बिजरौल गांव के नजदीक बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बुधवार की तड़के कार में सवार छह सशस्त्र बदमाशों ने चीनी से लदा ट्रक, नगदी और मोबाइल लूट लिया। बदमाश चालक और हेल्पर को बांधकर कंडेरा गांव के जंगल में फेंक कर भाग गए। लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसपी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस संबंध में ट्रक चालक ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।
मंगलवार की रात में करीब 12 बजे जनपद मुजफ्फरनगर स्थित उत्तम चीनी मिल से 10 टायरा एक ट्रक (नंबर यूपी 11 टी 2270) 250 क्विंटल चीनी लेकर अलीपुर (दिल्ली) के लिए चला। ट्रक पर चालक बिट्टू उर्फ चंद्रवीर पुत्र देवी निवासी शोरम जनपद मुजफ्फरनगर और हेल्पर सतीश पुत्र सुरेश निवासी मुजफ्फरनगर थे। रास्ते में दोनों ने खाना खाया और मुजफ्फरनगर से वाया बुढ़ाना, बड़ौत होते हुए दिल्ली जा रहे थे।
बुधवार की तड़के तीन बजे जब ये बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बिजरौल गांव पहुंचे तो पीछे से कार में सवार छह सशस्त्र बदमाशों ने इन्हें ओवर टेक कर रोक लिया। बदमाशों ने चालक और हेल्पर को बांधकर अपनी कार में डाल दिया। दो बदमाश चीनी से भरा ट्रक लेकर फरार हो गए। बाद में बदमाश चालक और हेल्पर को कंडेरा गांव के जंगल में ईख के खेत में फेंक कर भाग गए। बदमाश दोनों से 10 हजार रुपये की नगदी और दो मोबाइल भी लूट ले गए। विरोध करने पर दोनों के साथ जमकर मारपीट भी की।
बुधवार की सुबह दिन निकलने पर चालक और हेल्पर किसी तरह बंधन मुक्त होकर कोतवाली पहुंचे और इस वारदात की जानकारी दी तो पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी रवि शंकर छवि, सीओ सीपी सिंह और कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। सूचना पर ट्रक मालिक राहुल और रमेश निवासी केवलपुरी मुजफ्फरनगर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे।
इस संबंध में चालक बिट्टू ने कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर के अनुसार ट्रक में 10 लाख रुपये की चीनी लदी थी। एसपी ने बताया ट्रक लूटने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए एसओजी टीम समेत कई टीमें लगाई गई है। जो मुजफ्फरनगर जनपद में लगातार दबिशें दे रही हैं।
मुजफ्फरनगर से ही बदमाश कर रहे थे पीछा
बड़ौत। चालक बिट्टू और हेल्पर सतीश ने बताया बदमाशों की कार मुजफ्फरनगर से ही उनका पीछा कर रही थी, लेकिन उन्हें एहसास नहीं हुआ। बिजरौल गांव में मुफीद स्थान देखकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सभी बदमाश कम उम्र थे।
उत्तम चीनी मिल के अधिकारियों से भी इस बारे में बात की गई है कि उनके मिल की चीनी थोक में कहां बेची जाती है। अंदाजा लगाया जा रहा है बदमाश कहीं वहीं पर ही चीनी न बेचे। उन्होंने बताया टीमें लगाई गई हैं। - सीपी सिंह, सीओ।