- कोरोना काल में दुकान का खर्च न निकल पाने से परेशान और मानसिक तनाव में था व्यापारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। सूर्य नगर निवासी किराना व्यापारी ने शुक्रवार को आर्थिक तंगी के कारण खुद को तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के मामा ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी।
मृतक व्यापारी संदीप (35) पुत्र रूपचंद मूलरूप से छपरौली थाना क्षेत्र के तुगाना गांव का रहने वाला था। वर्तमान में वह सूर्यनगर में रह कर किराने की दुकान करता था। दुकान और मकान कुछ ही दूरी पर हैं। शुक्रवार की सुबह तकरीबन आठ बजे वह दुकान पर पहुंचा और तमंचे से सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो संदीप का शव दुकान के अंदर लहूलुहान हालत पड़ा मिला। शव के पास से ही 12 बोर का तमंचा पड़ा था। सूचना पर परिजन पहुंचे तो शव देख कर कोहराम मच गया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी रवि रत्न सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक के मामा यशपाल ने इस संबंध में तहरीर दी है। इसमें बताया गया है कि संदीप कोरोना काल में दुकान न चलने से कई माह से परेशान था। इससे वह मानसिक तनाव में आ गया था। आर्थिक तंगी के चलते ही उसने यह कदम उठाया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
माता-पिता का इकलौता बेटा था संदीप
संदीप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। संदीप के पिता रूपचंद दिल्ली में मजदूरी करते है। उसके दो छोटी बेटियां भी हैं। संदीप के दो छोटे बच्चे है, जिसकी उम्र तीन वर्ष और दो वर्ष है। पत्नी अनीता सहित परिवार की अन्य महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था।