बागपत। कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद नेपाल के दूसरे जमाती को भी मेरठ रेफर कर दिया गया है। जिले में अब तक तीन केस मिल चुके हैं। दुबई से लौटे युवक की हालत ठीक है। डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने स्क्रीनिंग सेंटर पर व्यवस्थाएं देखीं। स्टाफ का हौसला बढ़ाया, जमातियों से जानकारी ली। सेंटर को सैनिटाइज कराया गया।
नेपाल के 58 वर्षीय जमाती में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे पहले इसी जमाती के गांव का 65 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना संक्रमित मिल चुका है। सीएमओ डॉ आरके टंडन और डिप्टी सीएमओ डॉ यशवीर सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव जमाती को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। स्क्रीनिंग सेंटर से अब तक दो कोरोना पॉजिटिव के केस मेरठ के लिए रेफर किए गए हैं। जिले में कुल 249 जमाती स्क्रीनिंग सेंटरों में रखे गए हैं। इनमें से अब तक 207 के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।
डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने मंगलवार देर रात ही बालैनी सेंटर का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य कर्मचारियों, सफाई कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाया। बालैनी के श्रीकृष्णा कॉलेज को बनाए गए स्क्रीनिंग सेंटर को पूरी तरह सैनिटाइज कराया गया है।