एसपी से आरोपी महिला को पकड़वाकर सामान बरामद कराने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नगर के पांडव रोड पर बिजली के सामान की दुकान करने वाले व्यापारी से 33 हजार रुपये के तार के बंडल मंगवाकर महिला अचानक गायब हो गई। संबंधित महिला ने फोन करके दिल्ली रोड पर तार के बंडल मंगवाए और रुपये बैंक के पास जाकर देने की बात कहकर फरार हो गई। व्यापारियों ने एसपी से शिकायत कर आरोपी महिला को पकड़वाकर सामान बरामद कराने की मांग की है।
पांडव रोड पर मानक चंद जैन की बिजली के सामान की दुकान है। उनके पास मंगलवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे एक महिला का फोन आया। उसने बिजली के तार के 29 बंडल और छह टेप दिल्ली रोड आरोग्य हॉस्पिटल के पास मंगवाए। मानक चंद जैन ने अपने कर्मचारी आकाश को वहां तार के बंडल लेकर भेजा। महिला ने कर्मचारी से कहा वह एक बैंक के पास पहुंच जाए और वह बैंक के पास आकर ही उसे रुपये देगी। कर्मचारी जब बैंक के पास पहुंचा तो उसे महिला वहां नहीं मिली। कर्मचारी ने महिला को फोन किया तो उसका मोबाइल बंद था। इसके बाद व्यापारी एकत्र होकर एसपी कार्यालय पहुंचे और वहां शिकायत देकर महिला को पकड़ने की मांग की।