बागपत में मौसम बदलने के बाद भी जिले में बुखार जानलेवा होता जा रहा है। शुक्रवार को टीकरी एवं लहचौड़ा गांव में दो की बुखार के चलते मौत हो गई। इससे परिवार में मातम है। गमगीन माहौल में युवक के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
दाहा क्षेत्र में बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। टीकरी गांव निवासी इरशाद पुत्र इकबाल (25) बुखार से पीड़ित था। शुक्रवार को उसे एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया। देर शाम गमगीन माहौल में युवक के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। बता दें कि बृहस्पतिवार को भी फैजपुर निनाना गांव में एक महिला की बुखार के चलते मौत हो गई थी। क्षेत्र के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से शिविर लगाने की मांग की है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. रविंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि कुछ गांवों में हेल्थ कैंप लगाकर लोगों का उपचार कराया जा रहा है।
उधर, चांदीनगर के लहचौड़ा गांव में एक व्यक्ति की बुखार से मौत हो गयी। रामकिशन पुत्र मुला (44) मुला पिछले दो दिनों से बुखार से पीडित था। परिजनों ने उसे दिल्ली के किसी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा था। शुक्रवार को बुखार के चलते उसकी मौत हो गई। परिजनों सूचना मिलने पर रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।