अनियंत्रित बस से कुचलकर बुझ गया इकलौता चिराग
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर हुआ हादसा, लोगों ने भागते बस चालक को पकड़कर धुना
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर साइकिल से अपने घर जा रहे बड़ौली निवासी युवक को बस ने कुचल दिया। उसकी मौके पर मौत हो गई। लोगों ने भागते बस चालक को पकड़ लिया और धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
बड़ौली निवासी रविंद्र (45) पुत्र मामचंद बड़ौत में दिल्ली बस स्टैंड पर स्पोर्ट्स वियर की दुकान पर काम करता था। मंगलवार देर रात वह दुकान बंद कर साइकिल से गांव लौट रहा था। जब वह बड़ौत डिपो के पास पहुंचा तो दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पीछे से तेज गति से आ रही अनुबंधित बस ने उसे कुचल दिया। रविंद्र की मौके पर मौत हो गई। दुघर्टना के बाद बस चालक भागने लगा, लेकिन लोगों ने बस को घेरकर चालक को धर दबोचा और उसकी धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को बस चालक को सौंप दिया गया। मृतक के चाचा राजकुमार ने बस चालक के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी रवि रत्न सिंह ने बताया कि आरोपी बस चालक सतीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इकलौता कमाने वाला था रविंद्र
रविंद्र अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला था। वह जब छोटा था, तभी उसके पिता मामचंद की मौत हो गई थी। रविंद्र की मौत से मां अंकूरी, पत्नी बबली व बेटे नितिन का रोते हुए बुरा हाल था।
एंबुलेंस चालक से कहासुनी के बाद दौड़ा रहा था बस
लोगों ने बताया कि अनुबंधित बस चालक सतीश की दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर दिल्ली बस स्टैंड के पास साइड लगने पर एंबुलेस चालक के साथ कहासुनी हो गई थी। इस दौरान जैसे ही बस चालक वहां से चलने लगा तो गुस्साया एंबुलेंस चालक बस की खिड़की पर लटक गया। बस चालक ने एंबुलेंस चालक को गिराने के चक्कर में बस को दौड़ा दिया था। औद्योगिक पुलिस चौकी के पास पुलिस ने भी सूचना पर बस चालक का पीछा किया, इसी दौरान बस चालक ने रविंद्र को कुचल दिया।