बड़ौत (बागपत)। नगर निवासी एक युवक ने छह साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ कर दी। शिकायत करने पर बच्ची के परिजनों को आरोपी के परिवार के लोगों ने पीट दिया। इस मामले में एक महिला और तीन भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सहारनपुर जनपद के रहने वाली एक महिला ने बताया कि उसकी छह साल की बेटी बड़ौत में अपनी नानी के पास रहती है। आरोप है कि 15 अप्रैल की शाम को पड़ोस में रहने वाले युवक यूनुस ने उसकी बच्ची के साथ छेड़छाड़ कर दी। उसकी बहन ने यूनुस की करतूत देखकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर आरोपी भाग गया। सामाजिक बदनामी के डर से परिजनाें ने यह बात किसी को नहीं बताई। 21 अप्रैल को शाम छह बजे उन्होंने यह सूचना आरोपी यूनुस के भाई हारुन और तौहीद, तौहीद की पत्नी सीमा को अपने घर बुलाकर दी। आरोप है कि तीनों ने इस शिकायत को झूठा बताते हुए उसकी बहन और मां के साथ ही गाली गलौज की। पिटाई भी की। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि यूनुस, हारुन और तौहीद, तौहीद की पत्नी सीमा निवासी गुराना रोड, बड़ौत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
किशोर की आत्महत्या के मामले में चार पर मुकदमा
बागपत। गौरीपुर जवाहरनगर की नई बस्ती के रहने वाले आबाद उर्फ जुबेर (17) की मौत के मामले में पुलिस ने दंपती सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि गांव निवासी शमशाद का बेटा आबाद उर्फ जुबैर (17) बेंगलुरु में हेयर सैलून पर काम करता था। वह चार दिन पहले बेंगलुरु से घर आया था। आरोप है कि पुराना कस्बे में मोहल्ला मल्हान में रहने वाली रिश्तेदार महिला रेशमा ने बृहस्पतिवार देर शाम को फोन करके आबाद को अपने घर पर बुलाया था। शुक्रवार सुबह आबाद का शव रेशमा के मकान में पंखे पर दुपट्टे से बने फंदे से लटका मिला था। इस मामले में परिजनों ने महिला, उसके पति व अन्य पर हत्या का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोर के आत्महत्या करने की बात सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने रेशमा, उसके पति कुर्बान के अलावा असलम व मुबारिक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।