बड़ौत। यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार केंद्रों पर सीसीटीवी में खराबी का बहाना नहीं चलेगा। परीक्षा से पहले केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराना होगा। बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों से इसकी रिपोर्ट मांगी है। यदि खामी है तो परीक्षा से पहले सीसीटीवी दुरुस्त कराकर बोर्ड को बताना होगा।
परिषद की ओर से जनपद में 44 परीक्षा केंद्र निर्धारित कर छात्रों के आवंटन की सूची वेबसाइट पर जारी कर दी है। अब परीक्षा में नकल पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। बोर्ड परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी होगी। परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी का मेन पैनल कंट्रोल रूम से कनेक्ट रहेगा। इससे वहां की हर गतिविधि पर नजर बनी रहेगी। इससे पहले बोर्ड ने सभी परीक्षा केंद्रों से सीसीटीवी की स्थिति पर रिपोर्ट मांगी है। सीसीटीवी चल रहा है या नहीं, यदि खराबी है तो किस तरह की। परीक्षा केंद्रों से रिपोर्ट मिलने के बाद बोर्ड सीसीटीवी दुरुस्त कराने के लिए समय दिया जाएगा। परीक्षा से पहले सीसीटीवी कैमरे हर हाल में ठीक कराने होंगे। दिंगबर जैन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वकील चंद जैन ने बताया कि बोर्ड के निर्देश पर डीआईओएस ने परीक्षा केन्द्रों को नकल पर अंकुुश लगाने के लिए निर्देशित किया है। इसलिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।