बागपत में सब इंस्पेक्टर और सब्जी वाले के साथ हुई लूट की घटनाओं को पुलिस द्वारा छुपाने पर बदमाशों के हौंसले बुलंद हो गए हैं। यही कारण है कि रमाला क्षेत्र में दिनदहाड़े बदमाशों ने खूब कहर बरपाया। जिवानी गांव से बराल जा रहे फेरी वाले समेत दो युवकों से साढ़े चार हजार रुपये की नकदी व बाइक लूट ली। यही नहीं बदमाश एक युवक के हाथ-पैर बांधकर खेत में डालकर फरार हो गए।
जिवानी गांव के रहने वाले मोहित पुत्र लीलू ने बताया कि गुरुवार को वह किसी काम से बराल गांव जा रहा था। जैसे ही वह संपर्क मार्ग पर जिवानी टोल के पास पहुंचा तो एक ट्यूबवैल के पास खड़े एक बदमाश ने लिफ्ट लेने के बहाने उसे रोक लिया और गले पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उससे बाइक व 100 रुपये की नकदी लूट ली। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर खेत में डाल दिया।
इस दौरान वहां से गुजर रहे जिवानी गांव के ही फेरी करने वाले शफीक को रोक लिया और तमंचा तानकर उससे साढ़े चार हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने शफीक के साथ मारपीट की और बाइक गिराकर भाग गए। सूचना मिलने एएसपी मनीष कुमार मिश्र समेत अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और मोहित को बंधन मुक्त कराया। जहां दोनों ने पुलिस से शिकायत कर बदमाशों को पकड़वाने की मांग की।
यह भी पढ़ें: हादसा: शादी के जोड़े में तैयार थी दुल्हन, मात्र 500 मीटर दूर थी बरात, एक कॉल से मातम में बदल गईं खुशियां
बदमाशों का कहर लगातार जारी
बड़ौत में सब इंस्पेक्टर व सब्जी विक्रेता के साथ हुई लूट की घटना दबाने के बाद बदमाश बेखौफ नजर आ रहे हैं। जिसके बाद से लगातार राहगिरों को रोककर लूटपाट करने के मामले सामने आ रहे हैं। जिसमें 15 दिन पहले बरवाला गांव के पास लोहड्डा के युवक से बाइक व मोबाइल फोन लूटने और कंडेरा गांव में लगातार पशु चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं।
यह भी पढ़ें: जयंती: पिता का साया उठा तो संघर्ष में तपकर कुंदन बने टिकैत, सिसौली से संसार तक पहुंचाई किसानों की आवाज