बागपत। बंदपुर गांव में एक युवक के अंतिम संस्कार करने पहुंचे तो श्मशान का लिंटर अचानक गिर गया। इससे वहांं खड़े 40 से अधिक लोगों ने वहां से भागकर जान बचाई, जो मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। उधर ग्राम प्रधान ने डीपीआरओ को शिकायत भेजकर अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराने की मांग की। बंदपुर गांव के प्रधान जय कुमार ने बताया कि श्मशान के लिंटर का निर्माण कई साल पहले हुआ था, जिसमें कुछ समय पहले दरार आ गई थी। इसकी जानकारी विभागीय अफसरों को दी गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
ग्राम प्रधान के अनुसार दो दिन पहले गांव के राजेश की दिल्ली के अस्पताल में बीमारी के कारण उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीण राजेश के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान पहुंचे। गर्मी अधिक होने के कारण ज्यादातर ग्रामीण लिंटर के नीचे खड़े हो गए, तभी लिंटर का सीमेंट गिरने लगा। सीमेंट गिरता देखकर नीचे खड़े ग्रामीणों ने वहां से बाहर भागने लगे और अंत्येष्टि स्थल के लिंटर का काफी हिस्सा गिर गया।
प्रधान ने बताया कि बड़ा हादसा होने से टल गया, क्योंकि उस समय 40 से अधिक लोग श्मशान में मौजूद थे यदि ग्रामीणों को हटने में जरा भी देर हो जाती तो उनकी जान पर बन आती। बड़ा हादसा हो सकता था। प्रशासन यदि समय रहते इस पर ध्यान देता तो यह हादसा न होता। इसलिए प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने डीपीआरओ से श्मशान का फिर से निर्माण कराने की मांग की है। इस संबंध में डीपीआरओ अरूण अत्री ने बताया कि बंदपुर गांव में श्मशान स्थल पर लिंटर गिरने का मामला जानकारी में आया है। अब वहां पर नया अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जर्जर अंत्येष्टि स्थल को ढहा दिया गया है। काम जल्द शुरू कराया जाएगा।