बागपत के अमीनगर सराय के कस्बे में सोमवार को जनता स्कूल के समीप तेज रफ्तार बाइक रोड पर खड़े खंभे से टकरा गई। इस हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिंघावली अहीर गांव निवासी अमित पुत्र आजाद और अनिल पुत्र बाबूराम सोमवार रात किसी काम से बाइक पर सवार होकर अमीनगर सराय कस्बे में गए थे। जनता स्कूल के सामने पहुंचे तो तेज रफ्तार बाइक खंभे से जा टकराई। जिसमें 28 वर्षीय अमित की मौके पर ही मौत हो गई और अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया। हादसे से युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया।