संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिला अस्पताल में चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ की मनमानी रोकने के लिए मूवमेंट रजिस्टर तैयार किया गया है। अस्पताल समय में चिकित्सकों को ओपीडी कक्ष छोड़ते ही कारण बताना होगा। अस्पताल प्रशासन की ओर से अस्पताल छोड़ने से पहने चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ व अन्य कर्मचारियों को मूवमेंट रजिस्टर में एंट्री करनी होगी।
जिला अस्पताल में चिकित्सक बिना बताए अपना कक्ष छोड़कर चले जाते थे और घंटो तक नदारद रहते थे। इससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों को घंटों तक चिकित्सक के कक्ष के बाहर खडे़ रहकर इंतजार करना पड़ता है। चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की मनमानी रोकने के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से मूवमेंट रजिस्टर तैयार कराया गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मूवमेंट रजिस्टर के माध्यम से स्टाफ के बारे में पूरी जानकारी रहेगी। चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ या अन्य कर्मचारियों के अस्पताल से बाहर जाने से पूर्व रजिस्टर में एंट्री कराई जाती है। उनके स्थान पर मरीजों का उपचार करने की जिम्मेदारी दूसरे चिकित्सकों को दी जाती है। इस रजिस्टर में चिकित्सक या पैरामेडिकल का नाम के अलावा कहां और क्यों जा रहा है और कब तक आएगा दर्ज कराया जाता है।
चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ को अस्पताल छोड़ने से पहले मूवमेंट रजिस्टर में एंट्री करने के निर्देश दिए है। निर्देशों का पालन न करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डॉ एसके चौधरी, सीएमएस