अमर उजाला लाइव
परिषदीय विद्यालय खुलने के पहले दिन महज 15 फीसदी रही छात्रों की उपस्थिति
स्कूलों में बिजली के कनेक्शन नहीं होने के कारण गर्मी में परेशान रहे बच्चे
फोटो एक की सीरिज
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद बृहस्पतिवार को प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय खुल गए। पहले दिन कहीं बच्चों से ज्यादा शिक्षक पहुंचे तो कई स्कूलों में बच्चों को गर्मी में बैठना पड़ा। किसी स्कूल में विद्युत कनेक्शन नहीं होने तथा अधिकतर स्कूल में इन्वर्टर न होने से परेशानी हुई। वहीं, स्कूलों में छात्रों की संख्या काफी कम रही। करीब 15 फीसदी बच्चे ही स्कूल पहुंचे।
शिक्षक 14 और बच्चे चार पहुंचे
कंपोजिट विद्यालय गौरीपुर में 14 शिक्षक तैनात हैं। बृहस्पतिवार को शिक्षक स्कूल समय से पहुंचे, लेकिन छात्रों की उपस्थिति कम रही। पहले दिन केवल चार छात्र ही स्कूल पहुंचे। बागपत के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पहले दिन केवल दो बच्चे पहुंचे। नगर के प्राथमिक विद्यालय में पहले दिन केवल 11 छात्र-छात्रा पहुंचे। इसके अतिरिक्त सुबह आठ बजे प्राथमिक विद्यालय रामनगर में शिक्षक समय से पहुंच गए, जबकि छात्र स्कूल नहीं पहुंचे। वे काफी देर तक छात्रों का इंतजार करते रहे। इस तरह कंपोजिट विद्यालय कुडी, खेकड़ा के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो और नंगला पोईस के विद्यालयों में पहले दिन शिक्षक छात्र-छात्राओं की बांट जोहते रहे। प्राथमिक विद्यालय बिनौली में शिक्षक समय से पहुंचे परंतु छात्र देरी से कम संख्या में पहुंचे।
गर्मी में बच्चों का निकला पसीना
स्कूलों में विद्युत कनेक्शन और इन्वर्टर की व्यवस्था न होने से छात्रों का गर्मी में पसीना निकल गया। उनको पढ़ाई करने में परेशानी हुई। छपरौली के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक और उच्च प्राथमिक विद्यालय गौरीपुर में विद्युत कनेक्शन नहीं है। इसके अतिरिक्त कंपोजिट विद्यालय औघटी, प्राथमिक विद्यालय नंबर एक कांशीराम कॉलोनी खेकड़ा में भी विद्युत कनेक्शन नहीं होने से छात्रों को गर्मी में पढ़ाई करने में परेशानी हुई। इनके अतिरिक्त अधिकतर स्कूलों में इन्वर्टर नहीं हैं।
छात्र संख्या बढ़ाने के लिए घर-घर जाएंगे शिक्षक
स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए शुक्रवार से शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए जागरूक करेंगे। बीएसए राघवेंद्र सिंह ने सभी बीईओ व प्रधानाध्यापकों को स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए शुक्रवार से अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
वर्जन
पहले दिन अधिकतर स्कूलों में छात्र संख्या 15-20 प्रतिशत रही। कुछ विद्यालयों में दो-चार छात्र ही पहुंचे। उन्हें स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।-राघवेंद्र सिंह, बीएसए