बागपत। अमर उजाला में परिषदीय विद्यालयों की खबर का प्रकाशन होने पर बुधवार को शिक्षा विभाग के अधिकारी हरकत में आए। बीएसए राघवेेंद्र सिंह ने बुधवार को हरचंदपुर व सुन्हैडा के विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में शिक्षक बिना अवकाश स्वीकृति के अवकास पर मिलें और शिक्षिका इंस्टाग्राम चलाती मिली। विद्यालय में मिड-डे-मिल की स्टॉक पंजिका पूर्ण नहीं मिली। बीएसए ने अनुपस्थित मिले शिक्षकों का वेतन रोकने व इंटाग्राम चलाने व स्टॉक पंजिका पूर्ण न करने पर तीन दिन में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बीएसए राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को हरचंदपुर के कंपोजिट विद्यालय में मिड-डे-मिल की स्टॉक पंजिका अपूर्ण मिलने पर प्रधानाध्यापिका मुनेश देवी को तीन दिन में कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को गणित पढ़ाया। बच्चों ने सवालो के सही उत्तर दिए। सुन्हेडा के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो की हेडमास्टर ममता देवी बिना स्वीकृति के अवकाश पर मिली, जबकि शिक्षक सुधीर वशिष्ठ दस सितंबर से बिना स्वीकृति अवकाश पर मिले। शिक्षिका संध्या फोन पर इंस्टाग्राम चलाती मिली। उन्होंने हेडमास्टर ममता देवी व शिक्षक सुधीर वशिष्ठ का वेतन रोकने व शिक्षिका संध्या को प्रतिकूल प्रविष्टी दी। सुंहेडा के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में भी एमडीएम पंजिका स्टॉक न मिलने पर हेडमास्टर रुचि पंचार से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने विद्यालयों सफाई के निर्देश दिए।