पुलिस ने छात्रों की तलाश में घंटों छाना जंगल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली (बागपत)। ग्वालीखेड़ा गांव के निजी संस्कृत विद्यालय से गुम हुए दो छात्रों की तलाश में बिनौली पुलिस ने बृहस्पतिवार रात में जंगल छान मारा। रात करीब एक बजे छात्रों के सकुशल घर पहुंचने की जानकारी पाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।
ग्वालीखेड़ा गांव में दुर्गेश्वरी संस्कृत विद्यालय है। इसमें दूरदराज के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। बीती शाम कक्षा नौ का छात्र निशांत त्यागी पुत्र मुकेश त्यागी निवासी मवाना व कक्षा 8 का छात्र अभयराज पुत्र सुबोध त्यागी निवासी मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर) अचानक विद्यालय से गुम हो गए। शिक्षकों ने इन्हें तलाश किया परंतु नाकाम रहे। इसके बाद छात्रों के गुम होने की जानकारी प्रधानाचार्य सुरेंद्र सिंह ने उनके परिजनों को दी। परिजनों ने रात्रि में ही बच्चों के गुम होने की जानकारी बिनौली पुलिस को दी। इस पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस फोर्स को लेकर ग्वालीखेड़ा पहुंचे और शिक्षकों व ग्रामीणों के साथ रात में जंगल तलाश की। आधी रात बाद करीब एक बजे छात्र अभयराज के पिता सुबोध त्यागी ने थानाध्यक्ष संजय कुमार को जानकारी दी कि दोनों बच्चे सकुशल घर मवाना पहुंच गए हैं। उन्हें दोपहर में स्कूल में छोड़कर आए थे। वे मन नहीं लगने की वजह से स्कूल से बिना बताए घर के लिए निकल गए थे। इसके बाद ही पुलिस ने राहत की सांस ली।