- राष्ट्र वंदना चौक से एसडीएम कार्यालय तक निकाला जुलूस, ज्ञापन सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नीट परीक्षा पेपर लीक, बिजली दरों में बढ़ोतरी, गैस सिलिंडर के दाम में बढ़ोतरी, कानून व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर राष्ट्र वंदना चौक से एसडीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। वहां राज्यपाल के नाम ज्ञापन एसडीएम ज्योति शर्मा को सौंपा गया।
राष्ट्र वंदना चौक के पास पूर्व जिलाध्यक्ष बिल्लू प्रधान के कार्यालय पर सपा कार्यकर्ता एकत्र हुए और महंगाई के विरोध में सांकेतिक रूप से बैलगाड़ी में गैस सिलिंडर रखकर एसडीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला। बिल्लू प्रधान ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने दायित्वों का निर्वहन करने में विफल रही है और किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बदलाव का निर्णय लेगी। सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि जनता आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी। इस मौके पर प्रदेश सचिव लीलू प्रमुख, नगेंद्र सिंह, काला विधूड़ी, डॉ. जितेंद्र यादव, महिपाल यादव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।