-जिला अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ न होने से बढ़ी परेशानी
फोटो - 2
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सर्दी में लोगों की त्वचा शुष्क हो रही है। वहीं जिला अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ न होने के कारण मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। अस्पताल में फिजिशियन ही लोगों की जांच कर दवाई दे रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि सर्दी में पसीना कम निकलता है, जिससे त्वचा शुष्क हो जाती है। शुष्क त्वचा होने से शरीर में खुजली होने लगती है और दाने बन जाते हैं। इसके अलावा सर्दी में कम पानी पीने और ऊनी कपड़ों से भी एलर्जी की समस्या हो जाती है। जिला अस्पताल में रोजाना लगभग 50 मरीज खुजली के पहुंच रहे हैं। वहीं अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ न होने के कारण मरीजों की परेशानी बढ़ रही है। कुष्ठ रोग चिकित्सक डॉ़ उमर का कहना है कि सर्दी में साफ-सफार्ई का अधिक ध्यान रखने की जरुरत होती है। सफाई का ध्यान न रखने के कारण भी शरीर में खुजली और दाने बन जाते हैं। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 50 मरीज खुजली के पहुंच रहे हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
-शरीर काे साफ रखें और रोजाना स्नान करें
-सूती कपड़े पहनने के बाद ही ऊनी कपड़े पहनें
-पानी खूब पीएं
-खुजली की समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह से ही दवा लें
वर्जन - सर्दी में खुजली के मरीज बढ़ जाते हैं। अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ नहीं है। फिजिशियन ही मरीजों के इलाज की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। -डॉ़ एसके चौधरी, सीएमएस