बडागावं मे बदमाशो द्वारा गोली मारने से घायल दुकानदार रहीसूदीन।
- फोटो : amar ujala
बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र के बड़ागांव में बुधवार को शाम के समय करीब सात बजे दुकान पर बैठे दुकानदार को बाइक पर सवार होकर आए दो हथियार बंद बदमाश गोली मारकर भाग गए। इससे गांव में अफरा तफरी मच गई। परिजनों ने घायल को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
खेकड़ा थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी रहीसूदीन (65) परचून की गांव में ही दुकान करते हैं। बुधवार की शाम करीब सात बजे वह दुकान में बैठे थे। तभी पल्सर बाइक पर सवार होकर आए हथियार बंद दो बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला बोल तमंचे से गोली चला दी। गोली उसकी छाती में बाई तरफ लगी। बदमाश गोली मारकर तमंचा लहराते हुए जंगल की तरफ भाग गए। बदमाशों के गोली मारने से दुकान में मौजूद ग्राहकों और गली से गुजर रहे लोगों में हड़कंप मच गई।
परिजन घायल को लेकर खेकड़ा में एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां पहुंचे। वहां के चिकित्सक ने उसे दिल्ली भेजा। परिजनों ने जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों का रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 307 में मुकदमा पंजीकृत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी श्वेताभ पांडेय और थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। परिजनों से पुलिस अधिकारियों ने रंजिश आदि के बारे में जानकारी ली। सीओ श्वेताभ पांडेय ने दावा किया कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ा जाएगा।