बागपत। अपर जिला सहकारी अधिकारी को फोन पर जान से मारने की धमकी सुनील राठी ने नहीं, बल्कि शामली जिले के एक युवक ने दी थी। जांच में जुटी पुलिस ने फोन कर युवक से संपर्क किया तो उसने अधिकारी से माफी मांगने की बात कही, लेकिन अपना नाम और पता नहीं बताया।
अपर जिला सहकारी अधिकारी जितेंद्र राणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दस जनवरी की रात उनके फोन पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने सुनील राठी का नाम लेकर उनके साथ गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शक में सुनील राठी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की।
कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि सुनील राठी जेल में बंद है। शामली जिले के एक युवक ने अपर जिला सहकारी अधिकारी को फोन पर धमकी दी थी। उससे फोन पर संपर्क किया। जो शराब के नशे में गलती से फोन पर गाली-गलौच करने और अब माफी मांगने की बात कह रहा है। लेकिन अपना और पता नहीं बता रहा। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।