जिले में शुरू नहीं किए गए कोविड अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कोरोना संक्रमितों को गाजियाबाद में भर्ती कराया जाएगा। जिले में अभी कोविड अस्पताल शुरू नहीं किए गए है। हालांकि संक्रमितों को उपचार देने के लिए सरूरपुर कलां और खेकड़ा सीएचसी पर 75-75 बेड का अस्पताल बनाया गया है।
कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। रोजना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक एक भी मरीज को अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया है। सभी संक्रमितों का होम आइसोलेट कर उपचार किया जा रहा है। डिप्टी सीएमओ डॉ यशवीर सिंह ने बताया कि जिला स्तर पर सरूरपुर कलां और खेकड़ा सीएचसी को 75-75 बेड का अस्पताल बनाया गया है, मगर अभी अस्पताल शुरू नहीं किए गए है। मरीज की हालत गंभीर होने पर गाजियाबाद के संतोष अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।
ऐसे की गई है चिकित्सकों की व्यवस्था
डिप्टी सीएमओ डॉ यशवीर सिंह ने बताया कि कोरोना को लेकर सभी तैयारी पूरी है। पीकू-नीकू सेंटर के अलावा दोनों सीएचसी पर चिकित्सक तैनात कर दिए है। पीकू-नीकू सेंटर पर चार बाल रोग विशेषज्ञों के अलावा तीन चिकित्सक, दस स्टाफ नर्स, तीन फार्मासिस्ट, दस चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और एल-2 अस्पताल खेकड़ा में दो विशेषज्ञ, चार चिकित्सक व सरूरपुर कलां सीएचसी में भी दो विशेषज्ञ और चार चिकित्सक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तैनात रहेंगे।