संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी के निरीक्षण में जिले सरकारी अस्पताल और स्कूलों की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। एक ओर जहां महिला अस्पताल में मक्खियों की भरमार देखकर राज्य मंत्री भड़क गए, वहीं चिकित्सकों के आपरेशन के नाम पर वसूली के मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। सिसाना के सरकारी स्कूल में गंदगी और अव्यवस्थाओं पर डीएम को त्वरित सुधार लाने के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री जसवंत सैनी सबसे पहले सिसाना गांव की गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे। गाय को गुड़ और चना खिलाने के साथ ही व्यवस्थाएं बेहतर रखने के लिए कहा गया। सिसाना में जल जीवन मिशन के तहत चार करोड़ 27 लाख रुपये से बनने वाली पानी की टंकी के निर्माण का शिलान्यास किया। यहां से गांव के कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंच गए। विद्यालय को पहले ही चमकाया गया था, लेकिन इसके बावजूद कई जगह गंदगी व शौचालय के दरवाजे को जर्जर हालत में देखकर मंत्री भड़क गए। एक बच्चा ड्रेस के बिना मिला तो मंत्री ने इस पर भी नाराजगी जताई। मंत्री ने सभी बच्चों को ड्रेस के लिए अभिभावकों के खाते में रुपये भेजने के निर्देश दिए।
इसके बाद मंत्री जसवंत सैनी ने कलक्ट्रेट सभागार में सभी अधिकारियों के साथ बैठक की। पहले एसपी नीरज कुमार जादौन ने बागपत में अपराध की स्थिति से लेकर अपराधियों पर कार्रवाई व उनकी संपत्ति जब्त के बारे में बताया। मंत्री ने आगे भी इस तरह सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। डीएम राजकमल यादव ने सरकारी योजनाओं का लोगों को मिलने वाले लाभ के बारे में बताया और जिले में सरकारी योजनाओं की स्थिति की जानकारी दी। मंत्री को बताया गया कि किस तरह से कई सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बागपत प्रदेश में नंबर एक पर बना हुआ है। मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी लोगों से अच्छा व्यवहार करें और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। यहां से मंत्री जसवंत सैनी महिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे। मक्खियों की भरमार देखकर भड़क गए और सफाई सही तरीके से कराने के निर्देश दिए।
स्कूलों में जल्द बिजली कनेक्शन कराने व अस्पताल में हालात सुधारने के निर्देश
राज्यमंत्री जसंवत सैनी को पता चला कि जिले के छह ऐसे स्कूल है, जिनमें बिजली कनेक्शन नहीं होने पर बच्चें गर्मी में बैठे रहते है। मंत्री यह सुनकर खुद भी चौंक गए और डीएम राजकमल यादव को बीएसए को आदेश देकर जल्द कनेक्शन कराने के लिए कहा गया। डीएम ने कहा कि जल्द ही कनेक्शन लगवा दिए जाएंगे। मंत्री को पता चला कि अस्पताल में ऑपरेशन करने के डाक्टर रुपये मांगते है और उनकी शिकायत भी काफी हो चुकी है। जांच में दोषी मिल चुके है, इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे डाक्टरों पर जल्द कड़ी कार्रवाई की जाए। सीएमओ डा. दिनेश कुमार ने मंत्री को बताया कि अस्पताल में पहले सीएमएस के समय में डाक्टरों की ज्यादा शिकायत मिलती थी, लेकिन अब सीएमएस बदलने के बाद डाक्टरों पर सख्ती की गई है और शिकायत नहीं मिल रही है।
श्रमिकों को प्रमाण पत्र और दिव्यांगों को ट्राई साइकिल वितरित की गई
मजदूर दिवस के अवसर पर राज्यमंत्री जसवंत सिंह ने कलक्ट्रेट में श्रमिकों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही दिव्यांगों को ट्राई साइकिल वितरित की। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
बेटा आपको अभी तक क्या स्कूल ड्रेस नहीं मिली: बागपत के सिसाना गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बिन- फोटो : BAGHPAT
अरे ये क्या इतनी गंदगी: बागपत के सिसाना गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में शौचालय में गंदगी दे- फोटो : BAGHPAT
सीएमएस साहब ये क्या हाल बनवा रखा हैं अस्पताल का सही तरीके से सफाई नहीं करावा सकते आप: बागपत जिला अस- फोटो : BAGHPAT