खेकड़ा मे एम्बुलेंस मे प्रसव होने के बाद नवजात बच्चे को उसके परिजनो को सोपते एम्बुलेंस पर तैनात क
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा (बागपत)। जनपद में संचालित स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस 102 बुधवार की रात में एक बार फिर नवजात की किलकारी से गूंज उठी। खेकड़ा के सरस्वती नगर निवासी एक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने फोन कर एंबुलेंस 102 बुलाई । अस्पताल जाते समय एंबुलेंस में रास्ते में ही महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई। इसके बाद एंबुलेंस कर्मचारी ईएमटी ने सूझबूझ से महिला का एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया।
स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस 102 के कर्मचारी ईएमटी भूपेंद्र सिंह और अमरीश कुमार ने बताया कि बुधवार की रात में करीब डेढ़ बजे उनके पास खेकड़ा के सरस्वती नगर निवासी अभिजीत ने फोन किया कि उसकी पत्नी निशा (24) को प्रसव पीड़ा हो रही है। उसे अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की जरूरत है। सूचना मिलते ही वे एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस में महिला को लेकर सीएचसी बागपत जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही प्रसव पीड़ा बढ़ गई। भूपेंद्र कुमार ने बताया एंबुलेंस सड़क पर किनारे लगाकर सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद जच्चा-बच्चा को सीएचसी बागपत में भर्ती कराया । वहां के चिकित्सकों ने जांच के बाद जच्चा-बच्चा को सुरक्षित बताया। परिजनों ने सुरक्षित प्रसव कराने के लिए सरकारी एंबुलेंस सेवा और एंबुलेंस कर्मचारियों की सराहना की।
102 और 108 एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी राजन कुमार ने बताया कि बागपत जनपद में 102 सेवा की एंबुलेंस में अब तक 18 बच्चों का जन्म एंबुलेंस में हो चुका है। जबकि 68 प्रसव के मामले में एंबुलेंस कर्मियों ने घर में डिलीवरी कराने में सहायता की है। नगरवासियों ने सीएचसी प्रभारी डॉ. ताहिर से खेकड़ा सीएचसी में 24 घंटे प्रसव सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।