सड़क निर्माण को लेकर हुई थी कुछ लोगों से कहासुनी, पुलिस ने दो को हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। देवनगर कॉलोनी मेें बुधवार को सड़क निर्माण के दौरान हुई कहासुनी में कुछ लोगों ने यूपी पुलिस के सेवानिवृत्त सिपाही और उसके बेटे पर हमला कर घायल कर दिया। कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
देवनगर कॉलोनी निवासी वीर सिंह मलिक पुत्र लखपत सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि बुधवार को क्षेत्र में सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी कॉलोनी में ही रहने वाले कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। इस पर आरोपियों ने धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। बीच बचाव को आए पुत्र विकास पर भी हमला किया। इसमें दोनों घायल हो गए। इसके बाद आरोपी भाग गए। कोतवाल मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है।
तीन छात्रों के मोबाइल चोरी
खेकड़ा। गांव भैड़ापुर निवासी कार्तिक, रवि और संदीप खेकड़ा के गांधी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की परीक्षा दे रहे है। बुधवार की सुबह भी वह परीक्षा देने आए थे। तीनों ने अपने मोबाइल बाइक की डिग्गी में रखकर परीक्षा देने के लिए चले गए। लौटते पर पता चला कि डिग्गी से मोबाइल चोरी कर लिए गए थे। तीनों ने कोतवाली में तहरीर दी है।