बृहस्पतिवार को हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मारा था राणा नर्सिंग होम में छापा
बड़ौत (बागपत)। हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग के छापे में नेहरू रोड स्थित राणा नर्सिंग होम पर पकड़े गए भ्रूण लिंग परीक्षण और गर्भपात कराने के मामले में कोतवाली पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ के रिपोर्ट दर्ज की है। बागपत स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. एमएम भदौरिया की तहरीर पर यह रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हरियाणा के पलवल स्वास्थ्य विभाग के डॉ प्रवीण कुमार की टीम ने बृहस्पतिवार को नेहरू रोड स्थित राणा नर्सिंग होम पर छापा मारा था। मौके से गर्भपात कराने की प्रतिबंधित 88 दवाइयां, 28 एमटीपी किट आदि बरामद हुई थी। इसके बाद अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया था। कोतवाल अजय शर्मा ने बताया कि बागपत स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. एमएम भदौरिया की तहरीर पर अनीता पत्नी बिजेन्द्र निवासी बरनावा, अनीता पत्नी रामकुमार वर्मा निवासी बरनावा, रामकुमार वर्मा पुत्र सुखवीर निवासी बरनावा, राकेश राणा पत्नी सत्यवीर राणा निवासी नेहरू रोड बड़ौत, पूनम पत्नी सुरेंद्र भजनपुर दिल्ली, लक्ष्मी उर्फ विजय लक्ष्मी पत्नी रामू निवासी राजीव नगर करनाल बाईपास दिल्ली और सत्यवीर राणा पुत्र किशन सिंह नेहरू रोड बड़ौत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गर्भ का चिकित्सीय समापन अधिनियम, प्रशासन सामग्री अधिनियम, इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट के अलावा धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।